संघर्ष ही जीवन है// Struggle Is Life
संघर्ष: Allout-GoodKnight मशीन व रिफिल बनाने वाली बड़ी कंपनियों ने पूरे जोर-शोर, अपनी पूरी टीम के सहयोग से मच्छर भगाने वाले कई Product बनाये। लेकिन मच्छरों की एक पीढ़ी ढ़ीठ होकर जीवन और मृत्यु के बीच इस लड़ाई को लड़ने का संघर्ष करती रही, तो आज मच्छरों की अगली पीढ़ी उन सब उत्पादों के आस पास नृत्य करती रहती है। आखिरकार मनुष्य थक हार कर यही कह देता है कि इन उत्पादों का कोई फायदा नहीं, मच्छर खत्म नहीं हो सकते। ठीक उसी तरह जब एक पीढ़ी किसी चीज़ को पाने के लिए बेइतहां, मेहनत-मशक्कत करती है, संघर्ष करती है तो दूसरी पीढ़ी को उसका फायदा भी बेशुमार मिलता है। आज हमें जो भी चीज़े, जो भी सुविधाएं, जो भी साधन उचित मात्रा में पर्याप्त हैं। उन्हें प्राप्त करने के लिए हमारे बुजुर्गों ने न जाने कितना संघर्ष किया होगा, तब जाकर हम आज उन चीजों पर अपना स्वामित्व बना पाने में सफल हो पाये। हमारे आसपास ऐसे बहुत से लोग हैं जिनके पास 25-30 पहले न अपना घर था, न आने जाने का अपना कोई निजी वाहन था। लेकिन आज उन सबके पास अच्छा घर, आने जाने के एक नहीं बल्कि कई साधन हैं, जिन्हें वो अपनी जरूरत व दूरी अनुसार इस्तेमाल करते हैं। लेकिन उसके लिए उन्होंने हर वो लड़ाई लड़ी, जिससे उन्हें जीत हासिल हो। मैं ऐसे प्रत्येक योद्घा-प्रत्येक विजेता को हृदय से नमन करता हूँ, जिन्होंने अपनी मेहनत से हर वो चीज़ हासिल की, जो कल तक उनसे बहुत दूर थी। लेकिन आज वो चीज़े उनके आस-पास, उनके घर-आंगन में नृत्य करती हैं।
©®प्रदीप सिंघल
-singhalpardeep.blogspot.com
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
आपका हृदय से आभार।